*नंगे पैर कांवड़ लेकर भोले के जयघोष के साथ शिवालयों में किया जलाभिषेक*
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
*शिव भक्ति में रमी मातृशक्ति*
पिटोल(निर्भय सिंह ठाकुर) रविवार को पिटोल के सर्व समाज की मातृशक्ति ने एकजुट होकर धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। सैकड़ों महिलाओं ने समीपस्थ मंडली ग्राम में मोद एवं भामची नदी के संगम से जल लेकर कांवड़ उठाई और नंगे पैर पिटोल के अलग-अलग शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

मंडली से पिटोल तक निकली कांवड़ यात्रा में बैंड पर बज रहे भोलेनाथ के भजनों पर श्रद्धालु महिलाएं भक्ति में थिरकती हुई आगे बढ़ रही थीं। इस दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। महिलाओं की भक्ति और उत्साह से पूरे मार्ग पर धार्मिक माहौल बना रहा।

यात्रा के दौरान मार्ग में विभिन्न सेवा दलों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पानी, कोल्ड ड्रिंक, फलाहार और खिचड़ी की व्यवस्था की गई। पिटोल पहुंचने के बाद महिलाओं ने कस्बे के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद सभी महिलाएं अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं।

*प्रतिवर्ष बढ़ रही महिलाओं की संख्या*
इस सामूहिक कांवड़ यात्रा में महिलाओं की भागीदारी प्रतिवर्ष बढ़ती जा रही है। इस बार भी सर्व समाज की महिलाओं ने स्वप्रेरणा से बड़ी संख्या में शामिल होकर शिवभक्ति का परिचय दिया। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक आस्था की मिसाल बन रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





