*44 साल पुराने जर्जर बिजली के पोल बदले, झूलते तारों से भी मिला छुटकारा*
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
*पिटोल में बिजली विभाग की कार्रवाई, तीन दिन में 12 खंभे बदले; रहवासियों को दुर्घटना का था अंदेशा*
पिटोल (निर्भय सिंह ठाकुर ) कस्बे में लंबे समय से जर्जर हो चुके बिजली के पोल और झूलते तारों के कारण बने हादसे के खतरे को देखते हुए बिजली विभाग ने अब इन्हें बदलने का काम शुरू कर दिया है। विभाग की टीम द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग गली-मोहल्लों में पहुंचकर जर्जर पोल को चिन्हित कर बदला जा रहा है। पिछले तीन दिनों में करीब 44 वर्ष पुराने 12 जर्जर बिजली के पोल बदले गए। इसके साथ ही झूलते तारों को भी खींचकर ऊंचा किया गया, जिससे रहवासी क्षेत्रों में दुर्घटना की आशंका कम हो सके।
ग्रामीण लंबे समय से जर्जर पोल और नीचे तक झूल रहे बिजली के तारों को बदलने की मांग कर रहे थे। रहवासी क्षेत्रों में इनसे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी रहती थी। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग ने ऐसे पोल चिन्हित कर उन्हें बदलने की कार्रवाई शुरू की है।

क्षेत्र के लाइनमैन रफीक खान ने बताया कि ग्रामीणों की मांग के बाद सहायक यंत्री अजय मलाजपुरे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जर्जर पोल बदलने के कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद आवश्यक पोल एवं तार उपलब्ध करवाए गए। सहायक विकास बबेरिया, करण मेड़ा सहित अन्य विभागीय कर्मचारियों की टीम के सहयोग से तीन दिनों में 12 जर्जर पोल बदले गए। उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद रखकर पोल बदलने की प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों का भी सराहनीय सहयोग मिला।

*जर्जर पोल की सूचना मिलने पर होगी कार्रवाई*
मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री अजय मलाजपुरे ने बताया कि क्षेत्र में जर्जर पोल और लटकते तारों को लेकर ग्रामीणों की लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के बाद ऐसे पोल को चिन्हित कर बदलने का कार्य किया गया! यदि कस्बे में और भी मौजूद है तो उन्हें बदलने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी !
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





