जनजातीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम: बड़ा घोसलिया में आरोग्य भवन व कौशल विकास केंद्र का लोकार्पण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
झाबुआ – मेघनगर विकासखंड के ग्राम बड़ा घोसलिया स्थित सेवा भारती मालवा प्रांत द्वारा संचालित जनजातीय सशक्तिकरण केंद्र में गुरुवार को नवनिर्मित आरोग्य भवन एवं कौशल विकास केंद्र का लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश एवं जिले के उद्योगपति, समाजसेवी, चिकित्सक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। अतिथियों का जनजातीय परंपरा के अनुसार तीर-धनुष एवं जनजातीय गुड़िया भेंट कर स्वागत किया गया। सुरेश सोनी ने आरोग्य भवन एवं कौशल विकास केंद्र का विधिवत लोकार्पण करने के साथ परिसर में पौधारोपण भी किया तथा छात्रावास, आरोग्य केंद्र, कौशल विकास केंद्र, जैविक खेती परिसर एवं अन्य इकाइयों का अवलोकन किया।

अपने संबोधन में सुरेश सोनी ने कहा कि जनजातीय समाज का समग्र विकास शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के समन्वित प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवा भारती का यह केंद्र आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार और सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता का भी आह्वान किया।
करीब 32 बीघा क्षेत्र में विकसित इस जनजातीय सशक्तिकरण केंद्र में युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, मोबाइल रिपेयरिंग, मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर रिपेयरिंग, वेल्डिंग, प्लंबिंग, मोटर वाइंडिंग, एसी रिपेयरिंग, गणेश प्रतिमा निर्माण तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस उत्पाद निर्माण सहित विभिन्न कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे। किसानों के लिए जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, सीड बैंक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
नवनिर्मित आरोग्य केंद्र के माध्यम से जनजातीय क्षेत्र के ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों का मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न उद्योगों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अंत में सेवा भारती के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





