छात्राओं के बीच पहुंचीं एसडीएम, साथ बैठकर किया भोजन; संवाद के जरिए जानी छात्रावास की व्यवस्थाएं और समस्याएं
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मेघनगर/ छात्रावास में निवासरत छात्राओं को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट महोदय द्वारा मेंटर के रूप में नियुक्त किए जाने के क्रम में एसडीएम मेघनगर ने स्थानीय कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहते हुए छात्राओं के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया और उनकी दिनचर्या, पढ़ाई एवं समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान भोजन का समय होने पर एसडीएम ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं उपलब्धता को लेकर छात्राओं से सीधे चर्चा की। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया। एसडीएम ने इस दौरान छात्राओं से सहज वातावरण में बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और अनुभवों को जाना।
इसके पश्चात छात्रावास के कमरों, आवासीय व्यवस्थाओं, दैनिक उपयोग की सामग्री, वॉशरूम की साफ-सफाई तथा परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना
एसडीएम ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं एवं किसी भी प्रकार की परेशानी के संबंध में खुलकर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकतानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान प्राचार्य एवं छात्रावास अधीक्षिका को निर्देशित किया गया कि वे छात्राओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें तथा उनका समयबद्ध निराकरण करें। स्थानीय स्तर पर समाधान संभव नहीं होने की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण पर जोर
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता एवं मूलभूत सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। छात्राओं को ऐसा सकारात्मक वातावरण मिले, जहां वे बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





