कुपोषण मुक्त समाज का संकल्प लेकर निकली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की जागरूकता रैली
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
पोषण माह के तहत बैठक में कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण, बच्चों और माताओं के बेहतर पोषण पर जोर
मेघनगर। कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण एवं बेहतर पोषण को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी मोनिका बघेल के निर्देश पर परियोजना मेघनगर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक कम्युनिटी हॉल में आयोजित की गई।

बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण माह के उद्देश्यों, कुपोषण की रोकथाम, बच्चों के पोषण स्तर की निगरानी तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यकर्ताओं को समझाइश दी गई कि वे अपने-अपने क्षेत्र में परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करें और बच्चों के पोषण स्तर पर लगातार निगरानी रखें।
परियोजना अधिकारी राखी बारिया ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कुपोषण को दूर करने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पोषण संबंधी गतिविधियों को गंभीरता से संचालित करने तथा हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सजगता से कार्य करने का आह्वान किया।
स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर निकली रैली
बैठक के पश्चात आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने नगर में जागरूकता रैली निकाली। रैली में कार्यकर्ताओं के हाथों में “सही पोषण देश रोशन”, “बाल विवाह मुक्त भारत”, “नारी सुरक्षा-नारी सम्मान” सहित विभिन्न जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां थीं। रैली के माध्यम से लोगों को कुपोषण दूर करने, बच्चों को पौष्टिक आहार देने, महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर अर्चना सांकते एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आईएसओ विजय कुमार सहित परियोजना क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विजय कुमार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संबंध में भी आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





