*बिजली कटौती के अंधेरे में चोरों का धावा, एक रात में तीन दुकानों के ताले तोड़े*
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
*चाय की दुकान से गल्ला ले उड़े बदमाश, आटा चक्की और हेयर सैलून में चोरी का प्रयास; पड़ोसियों के जागने पर गेती छोड़कर भागे*
पिटोल (निर्भय सिंह ठाकुर ) कस्बे में लगातार हो रही बिजली कटौती के बीच चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बदमाशों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। चाय की दुकान से गल्ला चोरी करने में बदमाश सफल रहे, जबकि बस स्टैंड के पास आटा चक्की और हेयर सैलून में चोरी का प्रयास पड़ोसियों के जागने से नाकाम हो गया। वारदातों के बाद कस्बे के व्यापारियों और आमजन में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले चाय की दुकान का ताला तोड़ा और शटर उचकाकर अंदर घुस गए। यहां से वे गल्ला लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक प्रविण नायक के अनुसार, गल्ले में करीब 500 से 1000 रुपये रखे हुए थे। इसके बाद बदमाशों ने बस स्टैंड के समीप आमने-सामने स्थित मेहुल पिता मुकेश पंचाल की आटा चक्की और दीवान पिता लुंजा पचाया के हेयर सैलून को निशाना बनाया। बदमाश गेती से दरवाजे का नकुचा तोड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी पड़ोसियों के जागने और शोर मचाने पर वे गेती मौके पर छोड़कर भाग निकले।

*गरबा देखने आने वाली भीड़ के बीच रेकी की आशंका*
इन दिनों कस्बे में गरबा आयोजन चल रहे हैं। इन्हें देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में भीड़ का फायदा उठाकर आपराधिक तत्वों द्वारा दुकानों और आसपास के क्षेत्रों की रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। लगातार हो रही बिजली कटौती से रात के समय अंधेरा छा जाता है, जिसका फायदा उठाकर बदमाश वारदातों को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं। अंधेरे के कारण संदिग्धों पर नजर रखना भी चुनौती बन रहा है।

*पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता, गश्त पर रहेगा जोर*
पिटोल चौकी प्रभारी अशोक बघेल ने बताया कि दुकानों में चोरी के प्रयास की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। कस्बे में अतिरिक्त गश्त बढ़ाकर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है।

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





