*सेवा संकल्प यात्रा पहुंची पिटोल, सीमा पर हुआ भव्य स्वागत*
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
*35 बाइकर्स ने मोदी फलिया में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद*
*खाटला बैठक में योजनाओं की ली जानकारी; भुट्टे-ककड़ी का स्वाद लिया, टीमली पर थिरके यात्री*
पिटोल (निर्भय सिंह ठाकुर) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा रविवार को पिटोल पहुंची। वडनगर से वाराणसी की ओर जा रही यात्रा में शामिल करीब 35 बाइकर्स का गुजरात-मध्यप्रदेश सीमा पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यात्रा के पिटोल पहुंचने की पुष्टि और इसके व्यापक अभियान का विवरण समकालीन रिपोर्टों में भी सामने आया है।
स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश की मंत्री निर्मला भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रकाश परमार, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दौलत भावसार सहित जिले के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

*मोदी फलिया में हुई खाटला बैठक*
पिटोल में स्वागत के बाद यात्रा कालाखूंट गांव स्थित मोदी फलिया पहुंची। यहां ग्रामीणों के बीच पारंपरिक तरीके से खाटला बैठक आयोजित की गई। यात्रा में शामिल सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और ग्रामीणों से योजनाओं के लाभ को लेकर संवाद किया।
इस दौरान ग्रामीण मीराबाई ने बताया कि पहले उनका मकान कच्चा था। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद उनका पक्का मकान बन सका। अन्य ग्रामीणों ने भी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए।
*भुट्टे-ककड़ी का स्वाद, टीमली पर थिरके यात्री*
यात्रा के स्वागत में स्थानीय संस्कृति की झलक भी दिखाई दी। ग्रामीणों ने यात्रियों को स्थानीय भुट्टे और ककड़ी खिलाई। इसके बाद पारंपरिक ढोल की थाप पर टीमली नृत्य हुआ। यात्रा में शामिल युवाओं ने भी ग्रामीणों के साथ टीमली पर नृत्य किया।
*ग्रामसभा के प्रस्ताव से पड़ा मोदी फलिया नाम*
खाटला बैठक को भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया एवं मंडल अध्यक्ष दिनेश मेवाड़ ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि आवास योजना के माध्यम से मोदी फलिया में बड़ी संख्या में कच्चे मकानों की जगह पक्के मकान बने हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर फलिया का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ‘मोदी फलिया’ रखने का निर्णय लिया।
उन्होंने ग्रामीणों से पात्रतानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

20 टोलियों में निकली यात्रा
यात्रा प्रभारी एवं वलसाड निवासी ध्रुव भाई ने बताया कि यात्रा करीब तीन हजार किलोमीटर का सफर तय करेगी और मुख्य मार्गों के साथ गांवों एवं फलियों तक पहुंचेगी। अभियान के तहत 20 टोलियां निकाली गई हैं। इनमें 10 टोलियां गुजरात से वाराणसी तथा 10 टोलियां वाराणसी से गुजरात की ओर जा रही हैं।
यात्रा के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जल संरक्षण एवं पौधारोपण के लिए भी ग्रामीणों को प्रेरित किया जा रहा है। पिटोल एवं मोदी फलिया में कार्यक्रम के बाद यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






